हैदराबाद, 14 मार्च 2026: भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप क्वालिफायर्स 2026 के फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ खेलते हुए अपने करियर का 150वां अंतरराष्ट्रीय मैच पूरा किया। यह मुकाबला हैदराबाद के गाचीबौली हॉकी कॉम्प्लेक्स स्थित जी.एम.सी. बालायोगी हॉकी ग्राउंड में खेला गया। इस खास उपलब्धि पर हॉकी इंडिया ने उन्हें बधाई दी।
2016 में किया था अंतरराष्ट्रीय पदार्पण
झारखंड की रहने वाली 25 वर्षीय सलीमा टेटे ने नवंबर 2016 में मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए टेस्ट मैचों में भारतीय टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय हॉकी में पदार्पण किया था। अपनी तेज रफ्तार और मिडफील्ड में शानदार खेल के लिए जानी जाने वाली सलीमा अब भारतीय टीम की अहम खिलाड़ी बन चुकी हैं। अब तक अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में वह 150 मैचों में 16 गोल भी कर चुकी हैं।
टोक्यो ओलंपिक से मिली पहचान
सलीमा टेटे ने महज 19 साल की उम्र में ओलंपिक में हिस्सा लिया था। वह टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारतीय महिला हॉकी टीम का हिस्सा थीं, जिसने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान हासिल किया था। इस टूर्नामेंट के बाद सलीमा टीम की सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में शामिल हो गईं।
एशिया कप और जूनियर वर्ल्ड कप में भी दिखाया दम
साल 2022 में मस्कट में आयोजित महिला एशिया कप में शानदार प्रदर्शन के लिए सलीमा को ‘राइजिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया था। इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया था। इससे पहले 2021 में दक्षिण अफ्रीका में हुए एफआईएच महिला जूनियर वर्ल्ड कप में उन्होंने भारतीय टीम की कप्तानी भी की थी, जहां टीम चौथे स्थान पर रही।
कॉमनवेल्थ गेम्स में दिलाया कांस्य पदक
कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में न्यूजीलैंड के खिलाफ कांस्य पदक मुकाबले में सलीमा ने महत्वपूर्ण गोल किया था। उस मैच में भारत ने पेनल्टी शूटआउट के जरिए न्यूजीलैंड को हराकर कांस्य पदक जीता था। इसी वर्ष भारतीय टीम ने स्पेन में आयोजित एफआईएच महिला नेशंस कप 2022 भी अपने नाम किया था, जिसमें सलीमा की अहम भूमिका रही।
एशियाई खेलों और एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन
साल 2023 में हांगझोऊ एशियाई खेलों में भारत के कांस्य पदक जीतने में सलीमा ने अहम भूमिका निभाई। इसके बाद रांची में आयोजित झारखंड महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2023 में उन्होंने सात मैचों में पांच गोल किए और ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का खिताब जीता।
2024 में बनीं भारतीय टीम की कप्तान
सलीमा के लगातार अच्छे प्रदर्शन और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए उन्हें 2024 में भारतीय महिला हॉकी टीम का कप्तान बनाया गया। उनकी कप्तानी में भारत ने बिहार महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी राजगीर 2024 में स्वर्ण पदक जीता और इसके बाद महिला एशिया कप गोंगशू 2025 में रजत पदक हासिल किया।
कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से हो चुकी हैं सम्मानित
सलीमा टेटे को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए कई पुरस्कार मिल चुके हैं। वर्ष 2021 में उन्हें हॉकी इंडिया असुंता लकड़ा अवॉर्ड (अंडर-21) से सम्मानित किया गया था। इसके बाद 2023 में उन्हें हॉकी इंडिया का प्रतिष्ठित बलबीर सिंह सीनियर अवॉर्ड फॉर प्लेयर ऑफ द ईयर मिला। वहीं 2024 में उन्हें देश के प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।
हॉकी इंडिया ने दी बधाई
इस उपलब्धि पर हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप तिर्की ने कहा कि इतनी कम उम्र में 150 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलना बड़ी उपलब्धि है और यह सलीमा की प्रतिभा, निरंतरता और समर्पण को दर्शाता है।
वहीं हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा कि सलीमा टेटे भारतीय महिला हॉकी की सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में से एक हैं और आने वाले समय में वह और भी कई बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगी।





